
खुली काउंसलिंग में अभ्यर्थियों ने चुने विद्यालय, तीन रहे अनुपस्थित
खैरागढ़। जिले के छह स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षक भर्ती के लिए शुक्रवार को आयोजित खुली काउंसलिंग में 18 अभ्यर्थियों ने विद्यालयों का चयन किया। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश सौंपे। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि छह विद्यालयों में शिक्षकों के 25 रिक्त पदों के लिए राज्य कार्यालय से 23 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई थी। दस्तावेज सत्यापन में दो अभ्यर्थी हिंदी माध्यम से होने के कारण अपात्र पाए गए। शेष 21 पात्र अभ्यर्थियों में से 18 काउंसलिंग में शामिल हुए, जबकि तीन अनुपस्थित रहे।काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को विद्यालयवार रिक्त पदों की सूची ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई। इसके आधार पर उन्होंने अपनी पसंद के विद्यालय का चयन कर सहमति पत्र प्रस्तुत किया। नियुक्ति आदेश जारी करते हुए चयनित शिक्षकों को जल्द पदस्थ विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर पूजा पींचा, आदिम जाति कल्याण विभाग के आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला सहित दोनों विकासखंडों के बीईओ और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
