KCG

सबसे कम उम्र में निर्दलीय रिकार्ड मतों से जिला पंचायत चुनाव जीती शताक्षी देवव्रत सिंह

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. नवीन जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पहले जिला पंचायत चुनाव में दूसरे चरण के लिये हुये मतदान के बाद सबसे कम उम्र में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर शताक्षी देवव्रत सिंह ने रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की है। जीत के बाद शताक्षी समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है वहीं सोशल मीडिया में भी जीत के बाद राजनीति में नई नवेली शताक्षी लीड कर रही है। बता दे कि शताक्षी ने क्षेत्र क्र.09 जालबांधा से कांग्रेस से टिकट मांगी थी लेकिन यहां से कांग्रेस ने पूर्व मंडी अध्यक्ष व कांग्रेस नेत्री दशमत जंघेल को उम्मीदवार बनाया था जिसके बाद शताक्षी ने निर्दलीय नामांकन दर्ज किया और पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़कर रिकार्ड मतों से विजयी हुई है। गौरतलब है कि पूर्व विधायक व सांसद रहे स्व.देवव्रत सिंह की पुत्री शताक्षी सिंह ने कांग्रेस व भाजपा के अधिकृत सहित चार प्रत्याशियों को मात देते हुये करीब 5000 मतों से रिकार्ड जीत हासिल की है। बता दे कि शताक्षी देवव्रत सिंह नवगठित जिला पंचायत में पहली बार हुए जिला पंचायत के चुनाव में जीत हासिल करने वाली सबसे कम उम्र की प्रत्याशी है। जीत के बाद शताक्षी सिंह ने कार्यकर्ताओं सहित जनता का आभार व्यक्त किया है वहीं शताक्षी के समर्थकों में उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देने ताता लगा हुआ है। जीत के दूसरे दिन उनके निवास स्थान में लगातार समर्थकों की भीड़ उमड़ती रही। जीत के बाद शताक्षी ने कार्यकर्ताओं व आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता की सेवा में हमेशा उपस्थित रहेंगी और पूरे 5 साल जालबांधा क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता से काम करेंगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page