KCG

विश्व पर्यावरण दिवस पर आमनेर नदी में चला वृहद सफाई अभियान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र के शनि मंदिर के पीछे बहने वाली आमनेर नदी में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस स्वच्छता अभियान में कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल के नेतृत्व में वनमण्डलाधिकारी पंकज सिंह राजपूत , जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय नागरिकों ने स्वस्फूर्त भाग लिया। सफाई अभियान का मुख्य उद्देश्य नदी में जम रही जलकुंभी और अन्य प्रदूषित सामग्री को हटाकर जल स्रोत को पुनः स्वच्छ बनाना था। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने सभी से अपील की कि वे अपने आस-पास के जल स्रोतों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश पूरे समाज तक पहुँच सके। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी ने जलकुंभी को नियंत्रण में रखने के लिए नियमित निगरानी एवं आवश्यक उपाय करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही आत्मनिर्भर खैरागढ़ अभियान की दिशा में समाजसेवी संगठन यथा निर्मल त्रिवेणी महाअभियान, श्रीराम गौ सेवा समिति, सेवाभावी संस्था शाँतिदूत व इकरा फाउंडेशन सहित नगर पालिका की पूरी टीम व स्वच्छता दीदीयों ने भी आगामी दिनों में ऐसे सामाजिक कार्यों को और बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा नंद चंद्राकर की मौजूदगी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरेश वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समस्त उपस्थितजनों को शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जनता के सहयोग का आग्रह किया और कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। यह स्वच्छता अभियान खैरागढ़ नगर पालिका एवं संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया गया, जो जल प्रदूषण कम करने और स्थानीय जल स्रोतों को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page