KCG

रेल परियोजना की स्वीकृति पर खैरागढ़ में सांसद संतोष पाण्डेय का भव्य नागरिक अभिनंदन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। डोंगरगढ़-खैरागढ़-छुईखदान-गंडई-कवर्धा-कटघोरा नई रेल परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद खैरागढ़ में रविवार को राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। लोक निर्माण के विश्राम गृह में आयोजित समारोह में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, युवाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत कर रेल परियोजना की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त की। सांसद के विश्राम गृह पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया। विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने भी अलग-अलग मंचों के माध्यम से अभिनंदन करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि डोंगरगढ़ से खैरागढ़, छुईखदान, गंडई, कवर्धा व कटघोरा तक रेल परियोजना लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है। परियोजना की स्वीकृति से खैरागढ़ अंचल में कृषि, व्यापार, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे तथा क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

वक्ताओं ने कहा कि सांसद संतोष पाण्डेय ने इस रेल परियोजना को लगातार प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्तरों पर इसके लिए प्रयास किए। उनके सतत समन्वय और पहल के परिणामस्वरूप परियोजना को स्वीकृति मिलने से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास और विकास की आकांक्षाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि नई रेल परियोजना से किसानों को अपनी उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी, व्यापार एवं उद्योग को गति मिलेगी, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा शिक्षा और पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़ी विकास परियोजना के पीछे जनसहयोग, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनके प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। सांसद ने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसमर्थन से ही विकास योजनाएं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह रेल परियोजना आने वाले वर्षों में खैरागढ़ जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत आधारशिला साबित होगी। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिवक्ता, शिक्षाविद्, महिला कार्यकर्ता, युवा एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page