
विधायक यशोदा वर्मा ने थाना पहुंचकर जवानों को बांधी राखी, सुरक्षा के लिए निभाई जा रही जिम्मेदारी को किया नमन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रक्षाबंधन के अवसर पर खैरागढ़ में भाई-बहन के स्नेह के साथ समाज की सुरक्षा में जुटे पुलिस जवानों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना भी देखने को मिली। विधायक यशोदा वर्मा ने थाना खैरागढ़ पहुंचकर पुलिस जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने जवानों को भाई का दर्जा देते हुए उनके स्वस्थ सुखद एवं सुरक्षित जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर भी दिन-रात आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं। उनके इसी समर्पण के कारण लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हैं। यशोदा वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है बल्कि यह विश्वास सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करता है। पुलिस जवान जिस तरह हर परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं वह उनके कर्तव्य के प्रति निष्ठा को दर्शाता है। जवानों की कलाई पर राखी बांधकर विधायक ने उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की। रक्षाबंधन के मौके पर थाना परिसर में हुए इस आत्मीय आयोजन ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं भाईचारे के रिश्ते को भी मजबूती देने का संदेश दिया।

