KCG

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद पटवारियों ने खत्म की हड़ताल, काम पर लौटने का ऐलान

खैरागढ़। अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलनरत पटवारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री की अपील और सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक विचार करने के भरोसे के बाद पटवारियों ने आंदोलन समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया है। इससे राजस्व संबंधी कार्यों के साथ किसानों और आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि पटवारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। इसके चलते राजस्व विभाग से जुड़े कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे थे। इस बीच 19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए पटवारियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि सरकार पटवारियों से बातचीत करने के लिए तैयार है और उनकी सभी जायज मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा। हालांकि इसके लिए पहले काम पर लौटने की शर्त रखी गई थी। मुख्यमंत्री ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा था कि वे भी किसान परिवारों से आते हैं और किसानों की परेशानियों तथा उनकी जरूरतों को समझते हैं। वर्तमान में धान खरीदी का महत्वपूर्ण समय है, ऐसे में उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनता की सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि सरकार संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने के पक्ष में है।

मुख्यमंत्री ने हड़ताल के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर भी सकारात्मक रुख अपनाने का भरोसा दिलाया था। उन्होंने कहा था कि पटवारी काम पर लौटकर सरकार के साथ बातचीत करें उनकी जायज मांगों पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा। साथ ही आंदोलन के दौरान की गई कार्रवाई पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद पटवारियों ने हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है। आंदोलन खत्म होने से राजस्व कार्यों में फिर से तेजी आने और आम जनता को राहत मिलने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page