KCG

फर्जी जॉब ऑफर और फिशिंग से बचने युवाओं को किया जागरूक

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित साइबर जागृति अभियान के पांचवें सप्ताह के तहत विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अभियान की थीम जॉब फ्रॉड एवं फिशिंग से युवाओं को जागरूक करना” रखी गई। कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने युवाओं से प्रत्यक्ष संवाद करते हुए ऑनलाइन नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी के तरीकों की जानकारी दी। फर्जी जॉब ऑफर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन ट्रेनिंग इंटरव्यू और नियुक्ति के नाम पर ठगों द्वारा पैसों की मांग किए जाने के मामलों से सावधान रहने की समझाइश दी गई। युवाओं को किसी भी नौकरी संबंधी प्रस्ताव पर भरोसा करने अथवा भुगतान करने से पहले संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट और विश्वसनीय माध्यम से जानकारी का सत्यापन करने की सलाह दी गई। पुलिस ने फिशिंग के जरिए होने वाली साइबर ठगी के प्रति भी युवाओं को सचेत किया। फर्जी वेबसाइट, ई-मेल, SMS, WhatsApp संदेश और संदिग्ध लिंक के माध्यम से व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करने वाले साइबर अपराधियों से सतर्क रहने को कहा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि OTP, PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर साइबर जागृति अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से जागरूक और सतर्क रहते हुए साइबर अपराधों से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page