KCG

छुईखदान के खाम्ही प्राथमिक शाला में छात्रों से कराया जाता है बाल श्रम, डीईओ ने लिया संज्ञान

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। विकासखंड के ग्राम पंचायत बकरकट्टा के आश्रित ग्राम खाम्ही स्थित प्राथमिक स्कूल में छोटे बच्चों से पानी भरवाने और बर्तन साफ कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल साव ने बीईओ को जांच के निर्देश देते हुए संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण लेने को कहा है। वायरल वीडियो में कुछ छोटे बच्चे पानी भरते और बर्तन साफ करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो को लेकर स्कूल में बच्चों से गैर-शैक्षणिक कार्य कराए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बच्चों को यह काम करते देखा गया इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है ऐसे में विभागीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल साव ने कहा कि वीडियो में बहुत छोटे बच्चे दिखाई दे रहे हैं और उनसे इस प्रकार का काम कराया जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन की तैयारी और किचन शेड से संबंधित कार्यों में बच्चों को शामिल नहीं किया जाना चाहिए। मामले में बीईओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जांच और शिक्षक के स्पष्टीकरण के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि स्कूल का मूल भवन जर्जर होने के कारण वर्तमान में अतिरिक्त कक्ष में संचालन किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चे बैगा आदिवासी समुदाय से संबंधित बताए जा रहे हैं। ऐसे में स्कूल में बच्चों की सुरक्षा, स्वच्छता और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने को लेकर भी विभागीय व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित हुआ है। स्कूल की व्यवस्था से जुड़े संकुल समन्वयक तोरण साहू, प्रधानपाठक राजकमल उइके और सहायक शिक्षक ईश्वर कंवर के संबंध में भी जांच के दौरान भूमिका स्पष्ट की जाएगी। विभाग ने फिलहाल किसी की जिम्मेदारी तय नहीं की है। जांच में यह देखा जाएगा कि बच्चों से पानी भरवाने और बर्तन साफ कराने की स्थिति किन परिस्थितियों में बनी और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page