
एनडीपीएस, आबकारी और पशु तस्करी के मामलों में जब्त वाहनों की हुई नीलामी
केसीजी जिले में अब तक 45 वाहनों की हो चुकी है नीलामी
खैरागढ़। केसीजी जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ, शराब और पशु तस्करी सहित अन्य अपराधों से जुड़े मामलों में राजसात किए गए 14 वाहनों की ऑनलाइन नीलामी की है। न्यायालय के आदेशानुसार एमएसटीसी (MSTC) पोर्टल के माध्यम से आयोजित इस नीलामी में पंजीकृत खरीदारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। नीलामी से पुलिस को कुल 1 लाख 70 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई। जिला पुलिस से मिली जानकारी अनुसार नीलाम किए गए 14 वाहनों में 12 मोटर साइकिल और दो बड़े वाहन शामिल हैं। इनमें थाना खैरागढ़ के पांच, थाना छुईखदान का एक, थाना गंडई के सात और थाना मोहगांव का एक प्रकरण शामिल है। ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से नीलामी पूरी की गई। केसीजी पुलिस के अनुसार जिले में अपराधों से संबंधित मामलों में राजसात किए गए वाहनों के निराकरण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस ताजा नीलामी के साथ जिले में अब तक कुल 45 वाहनों की नीलामी की जा चुकी है। पुलिस ने बताया कि राजसात वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।