
सिंगारपुर ढाबा पुलिया के पास हुआ हादसा
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ से राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर सिंगारपुर ढाबा पुलिया के पास सोमवार दोपहर करीब 1 बजे कार और यात्री बस के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई। जानकारी अनुसार हुंडई कार क्रमांक सीजी 04 एलयू 557 के चालक जीतू जंघेल निवासी सीताडबरी, छुईखदान अपने माता, पत्नी सहित अन्य परिजनों के साथ राजनांदगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजनांदगांव से खैरागढ़ की ओर आ रही न्यू लोधी ट्रैव्हल्स की बस क्रमांक सीजी 08 एएच 2811 से सिंगारपुर ढाबा के पास कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।
ग्रामीणों ने पहुंचकर घायलों को निकाला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस और डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए मरकामटोला ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर उपचार के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि घायलों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आयी हैं। कार चालक जीतू जंघेल को अपेक्षाकृत अधिक चोट लगने की जानकारी मिल रही है।

बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी
घटना के बाद ठेलकाडीह पुलिस ने न्यू लोधी ट्रैव्हल्स की बस और उसके चालक को ठेलकाडीह थाने ले जाकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और वाहन चालकों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
हादसे के बाद निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया गया कि घटनास्थल के आसपास सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है और वाहनों की आवाजाही के दौरान यहां पहले भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। इसके बावजूद सड़क निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, चेतावनी बोर्ड या अन्य आवश्यक इंतजाम नहीं किये गए है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर यातायात को सुरक्षित तरीके से संचालित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। समय रहते आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में इससे भी गंभीर हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से निर्माणाधीन मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तत्काल दुर्घटना स्थल पर पहुंच गई थी, घायलों को 112 की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए मरकाम टोला स्थित शासकीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें उच्च उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव किया गया है। अपराध पंजीबद्ध कर बस को थाने में लाकर चालक को गिरफ्तार किया गया है। घटना के करणों की जांच की जा रही है।
सीता राम सागर
थाना प्रभारी, ठेलकाडीह