KCG

ठेलकाडीह स्कूल में एसएमसी अध्यक्ष पद को लेकर विवाद, कलेक्टर-डीईओ से शिकायत

खैरागढ़। ग्राम ठेलकाडीह स्थित संत गुरु घासीदास शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में शाला विकास समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष पद को लेकर विवाद गहरा गया है। अध्यक्ष पद के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाने और बैठक आयोजित नहीं होने से नाराज ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच तथा नियमानुसार नियुक्ति की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में ग्राम निवासी ओमकार सतनामी के साथ जिला पंचायत सदस्य भुनेश्वरी जीवन देवांगन, सरपंच शकुन यदु, उपसरपंच बंशी जांगड़े, ग्राम पटेल सूरज देशलहरे, भीम टंडन सहित अन्य पालक शामिल हैं। शिकायत के अनुसार ओमकार सतनामी ने 8 जुलाई 2026 को अपने बच्चे के विद्यालय में अध्ययनरत होने का हवाला देते हुए एसएमसी अध्यक्ष पद के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था लेकिन उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि 26 अक्टूबर 2026 को सरपंच, उपसरपंच, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पटेल, कोटवार एवं ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर विद्यालय में बैठक बुलाने की मांग की थी। इसके अलावा विद्यालय के संचालन एवं विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए भी प्राचार्य को आवेदन दिया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं की गई।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कर प्राचार्य की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने तथा एसएमसी अध्यक्ष पद पर नियमानुसार निर्णय लेने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय के विकास और बेहतर संचालन में पालकों एवं जनप्रतिनिधियों की भागीदारी जरूरी है इसलिए समिति के गठन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।

मामले में विद्यालय की प्राचार्य सुरेश कुमारी ने बताया कि 15 जून को खैरागढ़ में आयोजित बैठक में शाला विकास समिति के नए अध्यक्ष का चुनाव कराने के निर्देश मिले थे। इसके तहत 17 जून को पालकों की बैठक बुलाई गई लेकिन आवश्यक संख्या में सदस्य उपस्थित नहीं होने के कारण चुनाव नहीं हो सका। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर फिलहाल रोक लगाने और आगामी निर्देश तक प्रक्रिया स्थगित रखने के निर्देश मिले थे। प्राचार्य के अनुसार वर्तमान में मदन साहू ही शाला विकास समिति के अध्यक्ष हैं। नए निर्देश प्राप्त नहीं होने के कारण चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page