
सत्यमेव न्यूज गंडई। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना गंडई पुलिस ने टिकरीपारा क्षेत्र में जुआ खेल रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी और ताश की गड्डी बरामद की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि टिकरीपारा स्थित नदी किनारे आम बगीचे में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया है। कार्रवाई के दौरान विष्णु यादव (44) निवासी टिकरीपारा गंडई के पास से 400 रुपये तथा जुआ फड़ से 500 रुपये, कुल 900 रुपये बरामद किए गए। वहीं तखत यादव (34) निवासी टिकरीपारा गंडई के कब्जे से 220 रुपये और फड़ से 400 रुपये, कुल 620 रुपये जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 1520 रुपये नकद और 52 पत्तों की ताश की गड्डी जब्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में जुआ सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
