KCG

जन्मदिन पर केक नहीं, पौधारोपण का संकल्प: खैरागढ़ के युवाओं की प्रेरक पहल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खैरागढ़ में आत्मनिर्भर अभियान से जुड़े युवाओं और सामाजिक संगठनों ने एक प्रेरक पहल शुरू की है। अब नगर के कई युवा जन्मदिन पर केक काटने के बजाय पौधारोपण कर रहे हैं और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प भी ले रहे हैं। अभियान के तहत पहले स्वच्छता अभियान चलाकर और मिट्टी दान के माध्यम से आमनेर नदी किनारे कृषि उपज मंडी के सामने ‘बर्थडे पार्क’ विकसित किया गया। अब इसी परिसर और आसपास के क्षेत्र में सामूहिक पौधारोपण कर ‘स्मृति वन’ तैयार किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ तथा पूर्वजों की स्मृति जैसे विशेष अवसरों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है।

सोमवार 15 जून 2026 की सुबह आत्मनिर्भर अभियान से जुड़े विभिन्न सामाजिक संगठनों यथा श्रीराम गौ सेवा समिति, शांतिदूत, इकरा फाउंडेशन और नागरिक एकता मंच के सेवाभावी सदस्य एकत्र हुए। इस अवसर पर अभियान से जुड़े अमीन मेमन, संजय वालेचा और पूर्व पार्षद एवं सभापति कमलेश कोठले के जन्मदिन पर बर्थडे पार्क परिसर में बरगद, बादाम, करंज सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधारोपण के बाद सभी ने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोहे की जाली लगाकर सुरक्षा घेरा तैयार किया वहीं पूर्व में लगाए गए पीपल, डूमर और नीम के पौधों में जल सिंचन कर उनकी देखभाल भी की गई।

अभियान से जुड़े स्वयंसेवक और श्रीराम गौ सेवा समिति के सदस्य पिछले कई वर्षों से पौधारोपण एवं संरक्षण का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से लगाए गए अनेक पौधे आज वृक्ष का रूप ले चुके हैं। अभियान से जुड़े लोग लगातार नागरिकों से अपील कर रहे हैं कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों को पौधारोपण से जोड़ें और पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।

अभियान के सदस्यों ने स्मृति वन, बर्थडे पार्क और उमराव पुल के नीचे आमनेर नदी तट के सौंदर्यीकरण के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिका से सहयोग की मांग की है। इस संबंध में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत कुमार वर्मा से चर्चा भी की गई है।

पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “पेड़ लगाओ-प्रकृति बचाओ” और “वृक्ष लगाओ-शहर बचाओ” जैसे प्रेरक नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर समसूल होदा खान, उत्तम बागड़े, रूपेंद्र रजक, प्रणय महोबे, गोविंद सोनी, कमलेश कोठले, रुपेश देवांगन, वंदना टांडेकर, अमीन मेमन, महजबीन बानो, संजय वालेचा, चंदन गिरी गोस्वामी, राजू यादव, नीलम राजपूत, आनंद चोपड़ा, मनोज महोबे, अहमद मेमन, निखिल तिवारी, कौशल, गौरव यादव, काव्य यादव, वैभव सोनी, हर्ष राज, जहीन खान, अनुराग शांति तुरे सहित बड़ी संख्या में सेवाभावी नागरिक उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि “जन्मदिन पर केक नहीं, एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प” लिया गया है और यही संदेश लेकर खैरागढ़ में आत्मनिर्भर अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page