छत्तीसगढ़

टिकरीपारा-दुर्ग बायपास मार्ग की स्थिति बदहाल, किसान और राहगीर परेशान

सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। नगर के टिकरीपारा वार्ड को दुर्ग रोड से जोड़ने वाला बायपास मार्ग इन दिनों जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह जगह बने बड़े गड्ढों के कारण आवागमन कठिन हो गया है जिससे ग्रामीणों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग ग्राम भुरभूसी, गोकना तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है। किसानी कार्यों के लिए प्रतिदिन ट्रैक्टर, पिकअप, बैलगाड़ी समेत अन्य वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों की आवाजाही और बढ़ने वाली है लेकिन सड़क की खराब हालत चिंता का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है क्योंकि पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और राहगीरों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग का निर्माण वर्षों पहले मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किया गया था लेकिन उसके बाद से सड़क के रखरखाव और मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। लगातार बढ़ते आवागमन और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती चली गई। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से सड़क को शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि तत्काल डामरीकरण नहीं किया गया तो अस्थायी रूप से मुरुम डालकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाया जाए जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिल सके।

बायपास मार्ग की वर्तमान स्थिति ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की परेशानियों को बढ़ा रही है। किसानों और आम नागरिकों के लिए यह महत्वपूर्ण मार्ग है जिसकी मरम्मत आवश्यक हो गई है। जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस समस्या को उठाकर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

शत्रुघ्न (मन्नू) चंदेल, ब्लॉक अध्यक्ष, गंडई

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page