KCGछत्तीसगढ़

खैरागढ़ विधानसभा में विकास की नई राह, 89.50 लाख के 15 कार्य स्वीकृत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 89.50 लाख रुपये के 15 विभिन्न कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा की अनुशंसा से स्वीकृत इन कार्यों में सीसी सड़क, पक्की नाली, सामुदायिक भवन और शेड निर्माण शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन, जल निकासी और सार्वजनिक सुविधाओं के क्षेत्र में राहत मिलने की उम्मीद है। अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकरण निधि के तहत 12 कार्यों के लिए कुल 66 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें ग्राम कुकुरमुड़ा के वार्ड 6 व 7 में सीसी रोड, बोदागढ़ में मुख्य मार्ग से महामाया मंदिर तक सीसी रोड तथा अवेली में सीसी सड़क के लिए 5-5 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसी तरह मंडला और कोड़का में सीसी रोड के लिए 10-10 लाख रुपये, जबकि उर्तुली, भुलाटोला, साल्हेकला के वार्ड 15, जंगलपुरघाट, खैरानवापारा और मुतेड़ा में सीसी सड़क निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कनीमेरा में अमरलाल साहू के घर से परस राम सारथी के घर होते हुए नरवा तक पक्की नाली निर्माण के लिए 12 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। नाली निर्माण से गांव में जल निकासी बेहतर होने और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक निधि से भी तीन महत्वपूर्ण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। ग्राम मुरई में शनि मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये, ग्राम खैरानवापारा के आदिवासी पारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख रुपये तथा ग्राम मजगांव, पंचायत बागुर में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही मांगों के पूरा होने की दिशा में इन स्वीकृतियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा वहीं नाली निर्माण से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है। सामुदायिक भवन और शेड बनने से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page