राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी
मतदाता सूची की मुद्रित प्रतियां और फोटो रहित सॉफ्टकॉपी कराई गई उपलब्ध
खैरागढ़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 73–खैरागढ़ के सभी 304 मतदान केंद्रों तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 74–डोंगरगढ़ के जिले में शामिल 106 मतदान केंद्रों में 12 नवंबर को प्रातः 11 बजे तक प्रकाशन की कार्रवाई पूर्ण की गई।उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक प्रकाशन में खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 19 हजार 825 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1 लाख 10 हजार 483 पुरुष एवं 1 लाख 9 हजार 342 महिला मतदाता शामिल हैं वहीं डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के जिले में शामिल आंशिक भाग में 36 हजार 486 पुरुष एवं 35 हजार 104 महिला मतदाताओं सहित कुल 71 हजार 590 मतदाता दर्ज हैं। इस प्रकार जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के संबंधित भागों में कुल 2 लाख 91 हजार 415 मतदाता शामिल हैं।मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में प्रातः 11:30 बजे मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिनिधियों को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई साथ ही उन्हें फोटोयुक्त मतदाता सूची की एक-एक मुद्रित प्रति तथा फोटो रहित सॉफ्टकॉपी सीडी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।बैठक में राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


