
उत्साहित ग्रामीणों ने जलाए दीप
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में बुधवार को विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) VB-G RAM G योजना का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों पंचायत प्रतिनिधियों महिला स्व-सहायता समूहों ग्रामीणों तथा प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। योजना के स्वागत में कई पंचायतों में दीप प्रज्वलित किए गए और ग्रामीणों ने इसे गांवों के विकास एवं रोजगार बढ़ाने की दिशा में अहम पहल बताया। कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य पात्रता, रोजगार के प्रावधान तथा विकास कार्यों की जानकारी दी गई। ग्राम सभाओं के माध्यम से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने पर भी जोर दिया गया है। योजना के तहत राज्य में ग्रामीण श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये किए जाने से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर इस फैसले का स्वागत किया। ग्रामीणों का कहना है कि बढ़ी हुई मजदूरी से परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को मांग के आधार पर वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही जल संरक्षण प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन ग्रामीण अधोसंरचना निर्माण कृषि आधारित कार्यों वृक्षारोपण तथा स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी जिससे गांवों में टिकाऊ विकास को बढ़ावा मिल सके। जिला प्रशासन के अनुसार VB-G RAM G योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और गांवों में समग्र विकास को गति देने की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के प्रभावी संचालन के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और ग्राम विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
