
नशे के खिलाफ जिला पुलिस का बड़ा एक्शन
19 एनडीपीएस प्रकरणों में की गई है कार्रवाई
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) पुलिस ने जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई मंगलवार को ग्राम चिखलदाह स्थित बीबीसी राइस मिल परिसर में समिति के सदस्यों एवं पंचों की उपस्थिति में संपन्न हुई। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय अटल नगर नवा रायपुर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज एनडीपीएस अधिनियम के प्रकरणों की समीक्षा की। समीक्षा उपरांत 19 अलग-अलग मामलों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए सक्षम न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त की गई। न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद मंगलवार 30 जून को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए 33.707 किलोग्राम गांजा को भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया जबकि 3104 नग नशीली कैप्सूल एवं टेबलेट को जेसीबी मशीन की सहायता से दबाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। संपूर्ण प्रक्रिया समिति के सदस्यों पुलिस अधिकारियों तथा पंचों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित निपटान करना ही नहीं बल्कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना भी है। केसीजी पुलिस जिले को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

