1650 पालकों को भेजे हस्तलिखित निमंत्रण, बच्चों ने स्वयं पत्र लिखकर कार्यक्रम में शामिल होने किया आग्रह
बाजार अतरिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत संकुल केंद्र अतरिया अंतर्गत संचालित 14 शालाओं के विद्यार्थियों ने रचनात्मक पहल करते हुए अपने माता-पिता एवं पालकों को स्वयं हस्तलिखित निमंत्रण पत्र भेजे। बच्चों ने अपने हाथों से निमंत्रण पत्र लिखकर करीब 1650 पालकों को आगामी शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया।इस पहल में प्राथमिक शाला अतरिया, बोदागढ़, डुंडा, रगरा दुल्लापुर, सोनपुरी, कुकुरमुड़ा, मिडिल स्कूल अतरिया, मिडिल स्कूल रगरा, हायर सेकेंडरी स्कूल अतरिया, सरस्वती शिशु मंदिर, अवंति विद्या मंदिर, विवेकानंद मेमोरियल रॉयल पब्लिक स्कूल अतरिया सहित संकुल क्षेत्र की 14 शालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।विद्यार्थियों ने पालकों के लिए तैयार किए गए हस्तलिखित निमंत्रण पत्रों के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय एवं जिला स्तरीय ड्राइंग प्रदर्शनी तथा भाषण प्रतियोगिता में शामिल होने का आग्रह किया। ये आयोजन क्रमशः 1 अक्टूबर एवं 3 अक्टूबर 2026 को सेजेस कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, खैरागढ़ में आयोजित किए जाएंगे।*लेखन के साथ बढ़ेगा आत्मविश्वास*बच्चों द्वारा स्वयं निमंत्रण पत्र लिखने की यह गतिविधि केवल पालकों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों में लेखन कौशल, अभिव्यक्ति क्षमता, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, अपने बच्चों के हाथों से मिला निमंत्रण पालकों के लिए विद्यालय की गतिविधियों से जुड़ने का एक भावनात्मक माध्यम भी बना है।संकुल समन्वयक दीपचंद गुप्ता ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रचनात्मक, सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में जिम्मेदारी, सहभागिता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित होती है।उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की यह पहल विद्यालय, परिवार और समाज के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
