
गंडई में पुलिस ने की कार्रवाई
सत्यमेव न्यूज गंडई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गंडई पुलिस ने एक युवक को बिक्री के उद्देश्य से गांजा परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.500 किलोग्राम गांजा तथा परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 9 मस्जिदपारा निवासी पवन उर्फ आशीष राजपूत दुर्ग रोड स्थित रूमझूम लॉज के सामने पुल के पास अपनी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 04 CT 4734 की डिक्की में गांजा रखकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया है। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से पॉलीथिन में पैक किया गया 1.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। एनडीपीएस किट से जांच में पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये तथा जब्त स्कूटी की कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 55 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी मादक पदार्थ रखने अथवा उसके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर गंडई थाना में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
