
प्रशासन समिति की बैठक में योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
खैरागढ़। जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की सामान्य प्रशासन समिति की बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। समिति ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, 15वें वित्त आयोग सहित अन्य योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों से पूर्ण, प्रगतिरत और लंबित कार्यों की स्थिति पूछते हुए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने कहा कि बारिश के कारण प्रभावित निर्माण कार्यों में अब तेजी लाई जाए। कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित विभिन्न समितियों के सभापति एवं सदस्य मौजूद रहे। सीईओ जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल, उप संचालक पंचायत राज तिवारी, कार्यपालन अभियंता आरईएस योगेश आनंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
