KCG

छुईखदान में निःशुल्क नवोदय कोचिंग का हुआ शुभारंभ

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्था एनआईसीसी द्वारा विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी निःशुल्क नवोदय कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छुईखदान रियासत के राजा गिरिराज किशोर दास शामिल हुए। कार्यक्रम में बताया गया कि गिरिराज किशोर दास के सहयोग से कोचिंग केंद्र में डिजिटल बोर्ड के साथ ही बिजली और पंखों की व्यवस्था भी कराई गई है जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ अध्ययन का अवसर मिलेगा। संस्था की गतिविधियों की जानकारी शिक्षक अवध चंदेल ने दी। इस अवसर पर बीईओ गिरेंद्र सुधाकर ने कहा कि छुईखदान विकासखंड में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और उसे बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा भविष्य में भी हर संभव पहल जारी रहेगी। मुख्य अतिथि गिरिराज किशोर दास ने कहा कि निःशुल्क सेवाभाव से विद्यार्थियों को पढ़ाने वाले शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति समाज को अधिक सजग होने की आवश्यकता है। शिक्षकीय दायित्वों के साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अतिरिक्त समय और मेहनत देना अत्यंत सराहनीय कार्य है।कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि इस वर्ष जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए छुईखदान विकासखंड से 25 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। पिछले वर्ष भी लगभग इतनी ही संख्या में विद्यार्थियों का चयन हुआ था। इसके अलावा एमएमएनएस तथा सैनिक स्कूल के लिए भी क्षेत्र के विद्यार्थियों का चयन हुआ है जो विकासखंड के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सियाराम साहू ने किया। इस अवसर पर पार्षद मनीष कोचर, प्रेमसिंह पाल, शिक्षक दोदेश्वर चंदेल, अवध चंदेल, दिग्विजय दास वैष्णव, हरि प्रसाद वर्मा, संजीव कुमार धुर्वे, कुंभलाल जंघेल, निर्मला जंघेल, अनिरुद्ध पालेश्वर, राजूदास मानिकपुरी, शांतनु राम नेताम सहित बड़ी संख्या में पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page