KCG

घर में बिजली का तार ठीक करते समय करंट की चपेट में आया 16 वर्षीय छात्र, मौत से गांव में मातम

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खपरीतेली में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। घर में बिजली का तार ठीक करने के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। कम उम्र में एक होनहार छात्र के असामयिक निधन से परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों और विद्यालय परिवार में भी मातम का माहौल है। पुलिस के अनुसार ग्राम खपरीतेली निवासी आशीष कुमार साहू (16) पिता रामनाथ साहू शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे अपने घर में बिजली के तार की मरम्मत कर रहा था। तार ठीक करने के बाद जैसे ही उसने बिजली का स्विच चालू किया वह अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से झुलसकर वहीं गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। एडिशनल एएसपी नितेश कुमार गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली का तार ठीक करने के दौरान करंट लगने का प्रतीत होता है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आशीष कुमार साहू स्थानीय विद्यालय में कक्षा 11वीं कला संकाय का छात्र था। पढ़ाई के साथ उसका व्यवहार भी सभी के बीच सराहनीय माना जाता था। उसके आकस्मिक निधन से विद्यालय परिवार भी गहरे शोक में है। शाला परिवार ने दिवंगत छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्राम खपरीतेली में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं ग्रामीणों ने भी एक उज्ज्वल भविष्य वाले छात्र की असमय मृत्यु को अपूरणीय क्षति बताया है। बहरहाल यह हादसा घरेलू विद्युत कार्यों के दौरान आवश्यक सावधानी और सुरक्षा उपाय अपनाने तथा नाबालिक बच्चों को इससे दूर रहने की आवश्यकता की गंभीरता की याद दिलाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page