
टिकरापारा के बहुप्रतीक्षित उच्चस्तरीय पुल का करेंगे भूमिपूजन
फिर भाजपा नेताओं के साथ सुनेंगे पीएम मोदी के ‘मन की बात’
खैरागढ़। उप मुख्यमंत्री व नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव नगर पालिका चुनाव से ठीक पहले आज खैरागढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे नगर पालिका क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें टिकरापारा में लंबे समय से प्रतीक्षित उच्चस्तरीय पुल निर्माण भी शामिल है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे भाजपा जनप्रतिनिधियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके बाद विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। नगर पालिका चुनाव से पहले उप मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे में सांसद संतोष पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष बिसेसर साहू, घम्मन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता शामिल होंगे।
