
विधायक यशोदा वर्मा ने कहा- ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और आवागमन की सुविधा प्राथमिकता
खैरागढ़। ग्राम कांचरी में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए निर्मित मंच का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने कहा कि ग्रामीण अंचलों का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिया के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के दिनों में रास्ते से जुड़ी परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी वहीं गांव में मंच का निर्माण सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इससे ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई।कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पुलिया निर्माण के भूमिपूजन और मंच के लोकार्पण के बाद ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्यों की शुरुआत और नई सुविधा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक के प्रति आभार जताया।

