KCG

गुरु नानक जयंती पर खैरागढ़ में निकली भव्य शोभायात्रा, गुरबाणी कीर्तन और जयकारों से गूंजा नगर

खैरागढ़। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर खैरागढ़ नगर में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर सिख एवं सिंधी समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। गुरु नानक देव जी के जयकारों, गुरबाणी कीर्तन और भक्ति संगीत से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा के माध्यम से गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता, सत्य, सद्भाव और मानवता के शाश्वत संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया। प्रकाश पर्व के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा में सिख समाज के श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। फूलों से सुसज्जित वाहन पर विराजित रागी जत्थे ने हारमोनियम और तबले की मधुर संगत के साथ गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों से वातावरण आध्यात्मिक हो उठा वहीं डीजे की धुन और गुरु नानक देव जी के जयकारों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। लगभग सैकड़ों लोगों की सहभागिता ने आयोजन की भव्यता और उत्साह को और बढ़ाया। इसी क्रम में सिंधी समाज द्वारा भी श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें समाज के गुरु साहेबों की विशेष उपस्थिति रही। उनके साथ महिला, पुरुष, युवा, बुजुर्ग और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों एवं प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान नगरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर गुरु साहेबों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं में गुरु साहेबों के स्वागत को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

शोभायात्रा के दौरान गोलबाजार में श्रुति यशेस सिंह ने शोभायात्रा में शामिल गुरु साहेबों का श्रीफल एवं शॉल भेंटकर आत्मीय सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने गुरु नानक देव जी के आदर्शों का स्मरण करते हुए मानवता, प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश दिया तथा सभी को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उनके द्वारा किए गए सम्मान और स्वागत से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।

गौरतलब है कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से समाज को एकता, समानता, परोपकार और निष्काम सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समस्त मानव समाज को प्रेम एवं भाईचारे के सूत्र में बंधने की प्रेरणा दी। उनके द्वारा प्रतिपादित ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का सिद्धांत आज भी मानव जीवन को सत्य, परिश्रम, सेवा और परोपकार की दिशा प्रदान करता है। खैरागढ़ में आयोजित प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और सांप्रदायिक सद्भाव की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की। शोभायात्रा में नगरवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और जगह-जगह हुए आत्मीय स्वागत ने गुरु नानक देव जी के भाईचारे एवं मानवता के संदेश को जीवंत कर दिया। पूरा नगर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर समाज के प्रभु वासवानी, उमेश चंदवानी, जीतू फ़ोटानी, व्यापारी मोटवानी, अनिल रंगलनी, विशु फ़ोटानी, चिंटू वासवानी, राम चंदवानी, गोलू वासवानी सहित समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page