Uncategorized

गांव में बायोगैस प्लांट की आहट से बढ़ा विवाद, दिवाली के दिन प्रशासन के दरवाजे पहुंचे ग्रामीण

खैरागढ़। गांव के भविष्य से जुड़े फैसले में ग्रामीणों की भागीदारी को लेकर नवागांव कंवर में विवाद खड़ा हो गया है। यहां प्रस्तावित बायोगैस प्लांट को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत ने कंपनी को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया। न तो पंचायत में विधिवत प्रस्ताव पारित हुआ और न ही ग्रामसभा के माध्यम से ग्रामीणों की सहमति ली गई। इसके बावजूद सरपंच और सचिव ने कंपनी के पक्ष में सहमति दर्शाते हुए प्रस्ताव तैयार कर दिया। मामले को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिवाली के दिन भी वे त्योहार की व्यस्तताओं को छोड़कर शिकायत लेकर जिला मुख्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि बायोगैस प्लांट जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का फैसला पूरे गांव को प्रभावित कर सकता है। इसलिए स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना पंचायत की ओर से सहमति देना उचित नहीं है।

दिवाली के दिन कलेक्टोरेट पहुंचने पर ग्रामीणों को कार्यालय बंद मिला। इस दौरान एसडीएम अविनाश ठाकुर ने उनसे मुलाकात कर शिकायत सुनी और कलेक्टर के नाम सौंपा गया ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने संबंधित पक्षों से चर्चा कर उचित पहल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपना विरोध स्थगित कर दिया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कंपनी को एनओसी देने की पूरी प्रक्रिया की जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि पंचायत की सहमति किस आधार पर तैयार की गई। इस मामले ने एक बार फिर पंचायतों में ग्रामसभा की भूमिका, जनसहमति और निर्णयों की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की शिकायत पर क्या कदम उठाता है और प्रस्तावित परियोजना को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page