

कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर के किल्लापारा स्थित श्री गोपीनाथ मंदिर परिसर में 18 से 25 मई 2026 तक भव्य महाशिवपुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। स्वर्गीय भावना श्रीवास्तव की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण करेंगी। ढोल नगाड़ों भजन कीर्तन और शिव जयघोष के बीच यात्रा मंदिर परिसर पहुंचेगी जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न होगी। 19 मई से प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 7 बजे तक महाशिवपुराण कथा का वाचन किया जाएगा। कथा का रसपान प्रसिद्ध कथावाचक रूपेश कृष्ण मिश्रा कराएंगे जबकि परायण कर्ता के रूप में तारकेश्वर चौबे ‘दुर्ग’ उपस्थित रहेंगे। सात दिनों तक चलने वाली कथा में भगवान शिव के विविध स्वरूपों और लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। श्रद्धालुओं को शिव विवाह, गणेश एवं कार्तिकेय जन्म, रुद्रावतार, शिव महिमा शिवरात्रि व्रत तथा अन्य पौराणिक प्रसंगों की कथा सुनने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन के मुख्य यजमान साकेत श्रीवास्तव और समृद्धि श्रीवास्तव हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं में विमल श्रीवास्तव, अन्नपूर्णा श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, हर्षा श्रीवास्तव सहित परिवार के सदस्य एवं स्थानीय श्रद्धालु सहयोग कर रहे हैं। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। कार्यक्रम का समापन 25 मई को प्रसादी वितरण के साथ होगा जो दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

