
लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, रॉक बैंड और नुक्कड़ नाटक सहित नौ विधाओं में हुई प्रतियोगिताएं


खैरागढ़। जिला प्रशासन व खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आयोजन राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय कैंपस-2 खैरागढ़ में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन में जिलेभर के 308 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी कला, संस्कृति, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कहानी लेखन, रॉक बैंड, पारंपरिक वेशभूषा, नुक्कड़ नाटक, रील चैलेंज एवं विकसित भारत चैलेंज ट्रैक सहित नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और अपनी रचनात्मक प्रतिभा की झलक प्रस्तुत की। लोकनृत्य में खगेश एवं साथी प्रथम तथा समीर एवं साथी द्वितीय, लोकगीत में वीरेंद्र एवं साथी प्रथम तथा सनत एवं साथी द्वितीय स्थान पर रहे। चित्रकला में शिखा साहू प्रथम एवं सुशांत द्वितीय, कहानी लेखन में पायल रजक प्रथम एवं खिलेश कुमार द्वितीय रहे। इसी प्रकार रॉक बैंड में काव्य त्रिमेले एवं साथी प्रथम तथा फगेन्द्र एवं साथी द्वितीय, पारंपरिक वेशभूषा में पूजा प्रथम एवं दीपिका नाग द्वितीय स्थान पर रहीं। नुक्कड़ नाटक में डेरहु एवं साथी प्रथम तथा हर्ष एवं साथी द्वितीय रहे। रील चैलेंज में कमलनारायण सेन प्रथम एवं भूपेंद्र जंघेल द्वितीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवा उत्सव को स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, पूर्व सभापति घम्मन साहू, पार्षद अजय जैन, रूपेंद्र रजक, श्रीमती नीलिमा गोस्वामी, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र सिंह ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी सुश्री पूजा पींचा तथा सहायक जिला खेल अधिकारी प्रिंकेश कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।