
कम आवागमन के बावजूद उखड़ने लगी सड़क, संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल



खैरागढ़। खैरागढ़ बायपास मार्ग पर निर्मित सड़क के बीचों-बीच गड्ढा उभर आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क का बीच वाला हिस्सा उखड़कर गड्ढे में तब्दील हो गया है। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर फिलहाल यातायात का दबाव भी अधिक नहीं है। इसके बावजूद नई सड़क की ऐसी स्थिति सामने आना निर्माण कार्य में बरती गई गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ा रहा है।सड़क निर्माण पूरा होने के कुछ ही समय बाद इस तरह क्षतिग्रस्त होना कई सवाल खड़े करता है। जब कम आवागमन में ही सड़क की सतह उखड़ने लगी है तो भविष्य में यातायात का दबाव बढ़ने पर इसकी मजबूती और टिकाऊपन पर क्या असर पड़ेगा? यह सवाल अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। संबंधित विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि नई सड़क के बीच गड्ढा बनने की वजह क्या है और निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का कितना पालन किया गया साथ ही सड़क की तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क की गुणवत्ता की जांच कराता है और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करता है या फिर नई सड़क की बदहाल स्थिति यूं ही बनी रहती है।