Uncategorized

कान्हा किसली जा रहे कार सवार पांच युवक-युवती बाढ़ में बहे, पुलिस ने जान जोखिम में डाल बचाई सभी की जान

खैरागढ़। कान्हा किसली घूमने जा रहे रायपुर और भिलाई के पांच दोस्तों की कार शनिवार देर रात गंडई क्षेत्र के दनिया पुल पर उफनते पानी में बह गई। कार मझधार में जाकर फंस गई और उसमें सवार पांचों लोग मदद के लिए चीख और पुकार करने लगे। सूचना मिलते ही गंडई पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 3 बजे रात अंधेरे व तेज बहाव के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने बताया कि 25 सितंबर को हुई लगातार भारी बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा के निर्देश पर दनिया पुल पर सुरक्षा बल तैनात किया गया था इसी बीच रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 04 पीव्ही 5636 के चालक ने पुल पर लगाए गए पुलिस स्टॉपर को टक्कर मार दी। पुल के दूसरे छोर पर मौजूद पुलिस जवानों ने कार चालक को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की लेकिन कार उफनते पानी में आगे बढ़ गई। तेज बहाव में कार पुल से नीचे नदी की ओर बहकर मझधार में फंस गई। कार में सवार पांचों लोग किसी तरह एक पेड़ की टहनी में सुरक्षित स्थान का सहारा लेकर टिके रहे और 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भारी बारिश, तेज बहाव और अंधेरे के बीच पुलिस ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी की हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पांचों लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं और मध्यप्रदेश के कान्हा किसली घूमने जा रहे थे। कार कुबेर साहू चला रहा था। रेस्क्यू किए गए लोगों में कमलेश साहू (25) गुढ़ियारी रायपुर, कुबेर साहू (25) कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर, निहाल सक्सेना (21) कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर, महक कौर (21) कैंप-2 पावर हाउस भिलाई और प्रीति रात्रे (20) कैंप-1 रामनगर भिलाई निवासी बताये गये है। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित बताया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page