KCG

उपेक्षा की मार झेल रही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी इमारत

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। नगर के हृदय स्थल और बस स्टैंड के समीप स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी इमारत लंबे समय से देखरेख के अभाव में जर्जर होती जा रही है। कभी स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र रही यह इमारत अब अनुपयोगी पड़ी है। परिसर में गंदगी और आसपास अव्यवस्था के साथ सामने कीचड़ व जलभराव की समस्या भी बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के बीचोंबीच स्थित इतनी बड़ी शासकीय इमारत का वर्षों तक खाली पड़ा रहना चिंता का विषय है। समय रहते मरम्मत और साफ-सफाई नहीं कराई गई तो भवन पूरी तरह जर्जर हो सकता है।

नागरिकों के अनुसार शाम और रात के समय भवन परिसर में अनावश्यक आवाजाही बनी रहती है तथा असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। लोगों का कहना है कि पुराने शासकीय भवनों की उपेक्षा से नगर की महत्वपूर्ण संपत्तियां धीरे-धीरे बर्बादी की ओर बढ़ रही हैं।

नागरिकों का सुझाव है कि भवन की मरम्मत कर इसे किसी शासकीय कार्यालय जनसेवा केंद्र या अन्य जनहितकारी संस्था के लिए उपयोग में लाया जा सकता है। इससे भवन सुरक्षित रहेगा और नगर को अतिरिक्त शासकीय सुविधा भी मिल सकेगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से भवन का निरीक्षण कराने, साफ-सफाई व जलभराव की समस्या दूर करने तथा इसके उपयोग की ठोस योजना बनाने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि समय रहते पहल की जाए तो यह पुरानी इमारत फिर से नगर के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page