
देवपुराघाट, साल्हेवारा और जामगांव में आवास निर्माण की समीक्षा
आमगांवघाट में बालिका शौचालय का किया निरीक्षण
छुईखदान. जनपद पंचायत छुईखदान की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती केश्वरी देवांगन ने गुरुवार को ग्राम पंचायत देवपुराघाट, साल्हेवारा एवं जामगांव का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों से सीधे संवाद कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाकर आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने हितग्राहियों से आवास निर्माण में आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और संबंधित पंचायत अमले को लंबित आवासों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के दौरान आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके।
बालिका शौचालय निर्माण का भी लिया जायजा
इसी क्रम में ग्राम पंचायत आमगांवघाट में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। सीईओ ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
जमीनी स्तर पर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
सीईओ श्रीमती देवांगन ने कहा कि मैदानी निरीक्षण का उद्देश्य शासकीय योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ हितग्राहियों की समस्याओं को सीधे समझना और लंबित कार्यों को गति देना है। उन्होंने संबंधित अमले को योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतर निगरानी रखते हुए हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय जनपद सदस्य मन्नू मरकाम, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

