आईजी यादव ने किया केसीजी पुलिस इकाइयों का निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिये निर्देश

ड्रिल परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत
आईजी ने पुलिस दरबार में सुनी जन समस्याएं
खैरागढ़। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने बुधवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का भ्रमण कर विभिन्न पुलिस इकाइयों एवं कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, अनुशासन, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और विवेचना कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित अपराधों एवं अन्य प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावी पुलिसिंग, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और आमजन की शिकायतों के संवेदनशीलता से निराकरण पर विशेष जोर दिया।
ड्रिल परेड का किया निरीक्षण फिर उत्कृष्ट कर्मियों को किया सम्मनित
आईजी यादव ने रक्षित आरक्षी केंद्र में ड्रिल परेड का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को कैश रिवार्ड देकर प्रोत्साहित किया, वहीं आवश्यक सुधार वाले कर्मचारियों को अनुशासन, ड्रिल एवं कार्यशैली में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेकर कार्यों को सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने की हिदायत दी। पुलिस दरबार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।मदराकुही में प्रशिक्षण भवनों का अनावरणनवीन रक्षित आरक्षी केंद्र, मदराकुही के निरीक्षण के दौरान आईजी ने दो प्रशिक्षण भवनों का अनावरण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। परिसर में वृक्षारोपण कर पौधों के संरक्षण और हरित वातावरण विकसित करने के लिए पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया।थाना छुईखदान में विवेचना की समीक्षापुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं एवं अभिलेखों का निरीक्षण कर उन्होंने लंबित कार्यालयीन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने की हिदायत दी। थाना छुईखदान के निरीक्षण के दौरान दर्ज अपराधों, मर्ग प्रकरणों, अभिलेखों एवं विवेचना कार्यों की समीक्षा की। थाना पुलिस के उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, प्रभावी वैधानिक कार्रवाई तथा न्यायालयीन प्रकरणों में बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।आईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना के साथ कार्य करने की समझाइश देते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सतत गश्त तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने पर जोर दिया।