
साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के लिए पुलिस ने विद्यार्थियों व नागरिकों को दी महत्वपूर्ण जानकारी
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में संचालित साइबर जागृति अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। साइबर अपराधों की रोकथाम तथा नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 21 अगस्त को जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनके माध्यम से लगभग 1800 विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। पुलिस टीमों ने लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रमों में ऑनलाइन ठगी फिशिंग ओटीपी फ्रॉड यूपीआई एवं बैंकिंग धोखाधड़ी फर्जी लिंक सोशल मीडिया अपराध साइबर ब्लैकमेलिंग तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं इसलिए जागरूकता और सावधानी ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को यह समझाइश दी गई कि वे ओटीपी पिन पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से बचें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें तथा सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा सेटिंग्स का विशेष ध्यान रखें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो घबराने के बजाय तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकियों से डरकर किसी भी स्थिति में धनराशि हस्तांतरित न करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साइबर जागृति अभियान के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों और नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित डिजिटल जीवन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें ताकि सामूहिक प्रयास से साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
सतर्क रहें • सुरक्षित रहें • साइबर अपराध से बचें