
लखनलाल देवांगन ने कार्यकर्ताओं को दी दीपावली की शुभकामनाएं
कृषक उन्नति योजना और विकास कार्यों का किया उल्लेख; आगामी चुनावों के लिए जुटने का आह्वान
खैरागढ़। जिला भाजपा कार्यालय में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले में संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। कृषक उन्नति योजना के तहत पंजीकृत किसानों को धान की कम बिक्री अथवा धान नहीं बेचने की स्थिति में भी आदान सहायता राशि देने के निर्णय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी योजना, आयुष्मान भारत और निशुल्क राशन जैसी योजनाओं को जनकल्याणकारी बताते हुए कहा कि इनका लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है। उन्होंने 18 लाख आवासों की स्वीकृति और रामलला दर्शन योजना का भी उल्लेख किया।
खैरागढ़ के विकास और आगामी चुनाव पर जोर
प्रभारी मंत्री ने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक नहीं होने के कारण विकास कार्यों में कुछ कठिनाइयां आती हैं। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य संचालित होने की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में खैरागढ़ से भाजपा विधायक चुनने के लिए अभी से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
26 नई सहकारी सोसायटियों के गठन का उल्लेख
स्वागत उद्बोधन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने दीपावली मिलन समारोह को आपसी सौहार्द और भाईचारे का अवसर बताया। उन्होंने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को आदान सहायता राशि देने के निर्णय की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं से शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में केसीजी जिले में 26 नई सहकारी सोसायटियों का गठन किया गया है और विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
नगरपालिका चुनाव में जीत का किया आह्वान
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के माध्यम से जिले में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आगामी नगर पालिका परिषद चुनाव में भाजपा के अध्यक्ष एवं सभी पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने महतारी वंदन योजना, किसान सम्मान निधि और वन क्षेत्रों में शांति स्थापित करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में जिला भाजपा प्रभारी नलिनीश, भाजपा विधानसभा प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल तथा जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन घम्मन साहू ने किया।इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, कोमल जंघेल, किरण साहू, शशांक ताम्रकार, अनिल अग्रवाल, टीके चन्देल, खम्हन ताम्रकार, गिरजा चन्द्राकर, पुष्पा वर्मा, आयश सिंह, दिनेश वर्मा, विनय देवांगन, आलोक श्रीवास, नीलिमा गोस्वामी, गोरेलाल वर्मा, भुवन वर्मा, मुकेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
