
राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए केसीजी की टीम रवाना
खैरागढ़। केसीजी जिले के दो प्रतिभाशाली बॉक्सिंग खिलाड़ी समीर कुमार एवं लालेंद्र यादव का चयन 18वीं राज्य एलीट बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी 70–75 किलोग्राम भार वर्ग में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ी बरगांव नवागांव के निवासी हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 26 नवंबर से भिलाई के जवाहर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हाउसिंग बोर्ड में किया जा रहा है। इसके पूर्व 24 नवंबर को खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ जिसमें उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण एवं खेल कौशल का मार्गदर्शन दिया गया। शिविर प्रभारी एवं जिला बॉक्सिंग सचिव प्रखर मिश्रा ने जिला टीम को जिला अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह तथा जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र देवांगन के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर भागवत शरण सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।जिला बॉक्सिंग सचिव प्रखर मिश्रा के निरंतर प्रयासों से जिले में बॉक्सिंग खेल को नई पहचान मिल रही है। आगामी समय में बालिका खिलाड़ियों सहित ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी बॉक्सिंग से जोड़ने, प्रशिक्षण देने एवं राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ाने की विशेष योजना बनाई जाएगी। इस अवसर पर जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आलोक श्रीवास, सहायक संचालक मनोहर चंदेल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।