शिक्षा को मिली डिजिटल उड़ान, नगर पंचायत अध्यक्ष ने नव प्रयास कोचिंग संस्थान को भेंट किया डिजिटल बोर्ड

गंडई-पंडरिया। नगर पंचायत गंडई के अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुशरो ने नव प्रयास कोचिंग संस्थान को आधुनिक डिजिटल बोर्ड भेंट किया। इस पहल से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।नव प्रयास कोचिंग संस्थान पिछले तीन वर्षों से कक्षा पांचवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय, सैनिक विद्यालय, प्रयास विद्यालय, श्रेष्ठा एवं एनएमएमएसई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी करा रहा है। यहां क्षेत्र के शासकीय शिक्षक सुबह के समय अध्यापन कराते हैं। संस्थान के प्रयासों से कई विद्यार्थी इन परीक्षाओं में चयनित हो चुके हैं। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुशरो ने कहा कि डिजिटल शिक्षा वर्तमान समय की आवश्यकता है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं मिलेंगी वहीं नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार ने संस्थान के निःशुल्क शैक्षणिक प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों की शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में शासकीय नवीन पूर्व माध्यमिक शाला गंडई की प्रधानपाठिका यांत्री पड़वार ने जनप्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही शालेय गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पानी की बोतल देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर पार्षद राकेश निषाद, प्रकाश पटेल, एसएमसी अध्यक्ष हिरेन्द्र कुंभकार, एल्डरमेन अशोक देवांगन, पूर्व पार्षद लियाकत अली, संकुल समन्वयक कौशल सिंह राजपूत सहित शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं नव प्रयास कोचिंग संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे। संस्थान के संयोजक कौशल सिंह राजपूत ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।