KCG

वर्षों से लंबित नामांतरण-चकबंदी की समस्या लेकर विधानसभा अध्यक्ष से मिले सोनपुरी के ग्रामीण

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। ग्राम पंचायत सोनपुरी के ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित नामांतरण एवं चकबंदी संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर बुधवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। ग्रामीणों ने भूमि संबंधी राजस्व मामलों के कारण हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि नामांतरण और चकबंदी की प्रक्रिया से जुड़े मामले लंबे समय से लंबित हैं। इसके चलते ग्रामीणों को भूमि संबंधी दस्तावेजों रिकॉर्ड दुरुस्ती सहित अन्य राजस्व कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष से संबंधित विभाग के माध्यम से इन मामलों का जल्द निराकरण कराने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद डॉ. रमन सिंह ने उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नियमों के दायरे में जो भी संभव होगा उसके लिए आवश्यक पहल की जाएगी। साथ ही उन्होंने नामांतरण एवं चकबंदी से जुड़े मामलों को लेकर राजस्व मंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए पहल करने का आश्वासन दिया। विधानसभा अध्यक्ष से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि राजस्व विभाग स्तर पर शीघ्र कार्रवाई होती है तो वर्षों से लंबित भूमि संबंधी मामलों का समाधान हो सकेगा और क्षेत्र के अनेक परिवारों को राहत मिलेगी। मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक कोमल जांघेल, सोनपुरी सरपंच प्रतिनिधि गुनेश वर्मा, ग्राम सियान मुखिया माधव वर्मा, रमेश वर्मा, रोहित जांघेल, विजय वर्मा, टोप सिंह वर्मा, राजकुमार वर्मा, उत्तम जांघेल, विनोद वर्मा, रूपेंद्र वर्मा, रामगोपाल वर्मा एवं खोरबहरा वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का समय देकर उनकी समस्याएं सुनने और सकारात्मक पहल का आश्वासन देने के लिए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि राजस्व मंत्री एवं संबंधित विभाग के स्तर पर शीघ्र कार्रवाई होने से नामांतरण और चकबंदी से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का रास्ता साफ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page