KCG

रानी अवंतीबाई लोधी जयंती पर 150 यूनिट रक्तदान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती के अवसर पर अवंती ज्ञानोदय समिति खैरागढ़ के तत्वावधान में अवंती पब्लिक स्कूल लाराबन में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान शिविर नवनिर्मित भवन का लोकार्पण तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ समाजसेवियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा एवं लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे रहे। अध्यक्षता लोधी समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलेश्वर वर्मा ने की। पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव कोमल जंघेल, पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, समाज के संरक्षक मोतीलाल जंघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर में युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 150 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदाताओं को हेलमेट एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। ग्राम देवारीभाट के युवाओं ने सर्वाधिक 25 यूनिट रक्तदान कर विशेष योगदान दिया।

‘प्रयास’ विद्यालय के लिए चयनित त्रिलोक नायक, लोमेंद्र नायक, वसु जंघेल, हितेश चंदेल, मीरा वर्मा, यामिनी साहू एवं डिम्पल नेताम को सम्मानित किया गया। वहीं समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठजनों को पदक शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान समिति एवं विद्यालय के नवनिर्मित भवन का भी विधिवत लोकार्पण किया गया।

विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत एकजुटता शिक्षा और संस्कार में निहित है। उन्होंने अवंती ज्ञानोदय समिति द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में जिला एवं जनपद पंचायत के पदाधिकारियों लोधी समाज के प्रतिनिधियों समिति के पदाधिकारियों शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रहित, समाजसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page