उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को राज्य स्तर पर मिलेगा सम्मान
खैरागढ़. राज्य शासन द्वारा प्रदेश के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें राज्य स्तर पर मान्यता प्रदान करने के उद्देश्य से युवा रत्न सम्मान योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष एक स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में एक-एक उत्कृष्ट युवा का चयन कर सम्मानित किए जाने का प्रावधान है। चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, शाल, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान स्वरूप 5 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाती है। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपए तथा अन्य युवा रत्न सम्मानों के लिए चयनित प्रत्येक युवा को 1 लाख रुपए की सम्मान राशि के साथ पदक, शाल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। योजना के तहत जिला स्तर पर पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय चयन निर्णायक समिति द्वारा एक पात्र स्वैच्छिक संगठन तथा निर्धारित 14 क्षेत्रों में से प्रत्येक क्षेत्र के लिए एक-एक पात्र युवा के आवेदन की अनुशंसा कर संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण को भेजी जाएगी। प्राप्त अनुशंसित आवेदनों का राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा परीक्षण किए जाने के बाद सम्मान के लिए युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठन का अंतिम चयन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा निर्धारित अवधि में आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्राप्त आवेदनों का जिला स्तरीय चयन निर्णायक समिति के माध्यम से नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन कर निर्धारित समय-सीमा में संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण को प्रेषित किया जाएगा।