KCG

मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए कल होगी नीट परीक्षा, प्रशासन अलर्ट

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। देशभर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) रविवार 3 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर जिले सहित पूरे प्रदेश में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से काफी पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य रहेगा क्योंकि प्रवेश द्वार पर सघन जांच की जाएगी।

एनटीए ने इस बार ड्रेस कोड को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। परीक्षार्थियों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। जूते पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केवल चप्पल या सैंडल पहनने की अनुमति रहेगी। इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने पर भी रोक रहेगी। अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जा सकेंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सुरक्षा कर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने परीक्षा अवधि के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था भी सक्रिय रखी गई है। किसी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी निर्धारित सहायता नंबर पर संपर्क कर सकेंगे। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर अनावश्यक परेशानी से बचें।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page