
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया है। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकने के उद्देश्य से पुलिस टीमों ने होटल, लॉज सहित अन्य ठहरने वाले स्थानों की जांच की है। अभियान के दौरान पुलिस ने होटल एवं लॉज में ठहरे लोगों की पहचान से संबंधित दस्तावेजों की जांच की साथ ही होटल रजिस्टर में दर्ज जानकारी का मिलान करते हुए संदिग्ध गतिविधियों और बाहरी व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस ने होटल संचालकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक अतिथि की पहचान संबंधी पूरी नियमानुसार दर्ज की जाए और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस की निगाह केवल होटल-लॉज तक सीमित नहीं। प्रमुख मार्गों, बाजार, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में भी लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। जरूरत के अनुसार संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। थाना खैरागढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कोई लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति अथवा असामान्य गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सुरक्षा अभियान स्वतंत्रता दिवस तक लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।