
खैरागढ़ पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल व नगद राशि जब्त
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 2100 रुपये नगद जब्त किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना खैरागढ़ को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग मोबाइल के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा पट्टी लिखकर हार-जीत का अवैध खेल संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इतवारी बाजार स्थित संजीत मेन्स वियर तथा बजरंग होटल के सामने घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संजीत कुमार साहू (30) निवासी मुतेड़ा नावगांव तथा महेन्द्र कुमार देवांगन (25) निवासी मुतेड़ा नावगांव को रंगे हाथ सट्टा लिखते पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो मोबाइल फोन एवं 2100 रुपये नकद बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध क्रमांक 182/2026 और 183/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
