मुख्यमंत्री से बस्तर महाराज के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, छुईखदान रियासत के राजा गिरिराज किशोर दास रहे शामिल

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बस्तर महाराज कमलचंद्र भंजदेव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान प्रदेश के विकास सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामाजिक समन्वय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में छुईखदान रियासत के राजा गिरिराज किशोर दास भी शामिल रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्रीय विकास ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके सुझावों को सकारात्मक रूप से सुना और कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और विरासत के संरक्षण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। बैठक में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री को विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भी समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी को राज्य के समग्र विकास के लिए आवश्यक बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया है। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस शिष्टाचार भेंट को सामाजिक संवाद सांस्कृतिक संरक्षण और जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

