KCG

बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम द्वारा ग्राम बैहाटोला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीत राम खुटेल एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी के मार्गदर्शन और निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को बाल संरक्षण एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सखी वन स्टॉप सेंटर 181 तथा साइबर क्राइम टोल फ्री नंबर 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया। टीम ने बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के साथ-साथ लैंगिक अपराध, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी तथा संकट में फंसे बच्चों की सहायता एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या खतरे की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए नियमित रूप से अध्ययन करने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं बाल संरक्षण से संबंधित सेवाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। टीम ने बच्चों से कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे चुप न रहें बल्कि भरोसेमंद व्यक्ति अथवा संबंधित हेल्पलाइन से सहायता प्राप्त करें। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बाल विवाह एवं बाल अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण शिक्षा और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page