
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। दाऊचौरा शासकीय प्राथमिक विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर तथा पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर बच्चों को नवीन शाला गणवेश, पाठ्यपुस्तकों एवं कॉपियों का वितरण भी किया गया। अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासित रहकर अध्ययन करने तथा अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में वार्ड क्र. 16 दाऊचौरा के पार्षद एवं सभापति विनय देवांगन, वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज देवांगन, वरिष्ठ नागरिक अवतार देवांगन, डेरहा देवांगन तथा रतन देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानपाठिका दीपा सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षिकाएं सावित्री ठाकुर, ऊषा देवांगन एवं सीमा बोकडे सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा उनके अभिभावकों ने भी सहभागिता निभाई। संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। प्रवेश उत्सव के माध्यम से नवप्रवेशी बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ जिससे उनके शैक्षणिक जीवन की सकारात्मक शुरुआत हुई।