KCG

जिला स्तरीय सरस मेले का भव्य शुभारंभ, 64 स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने लगाए स्टॉल

खैरागढ़। राजा फतेह सिंह खेल मैदान में जिला स्तरीय तीन दिवसीय सरस मेला 2026 का उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में जिले के दोनों विकासखंडों के लगभग 64 स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए बाजार उपलब्ध कराना तथा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्मन ताम्रकार, कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। इसके पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अपने हुनर और मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई पहचान बना रही हैं वहीं कलेक्टर ने कहा कि सरस मेला महिलाओं को अपने उत्पादों की पहचान बनाने, बाजार तक पहुंचने और आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने नागरिकों से मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने और महिला समूहों को प्रोत्साहित करने की अपील की। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि जिले में पहली बार जिला स्तरीय सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है।

मेले के प्रथम दिन मिलेट यानी मोटे अनाज से तैयार विभिन्न खाद्य उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। स्टॉलों पर मिलेट से बने कुकीज, लड्डू सहित डोसा, इडली, उपमा और खीर के प्रीमिक्स प्रदर्शित किए गए। पारंपरिक अनाजों से तैयार इन उत्पादों के माध्यम से लोगों को दैनिक भोजन में मिलेट शामिल करने के नए विकल्पों से परिचित कराया गया। इसके अलावा मेले में अचार, पापड़, बड़ी, दीपक, जैविक खाद, पान से निर्मित मिठाइयां, बांस के हस्तशिल्प, गुलदस्ते, अगरबत्ती, जैविक सब्जियां, दाल एवं बेसन सहित अनेक स्थानीय और घरेलू उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर महिलाओं से उत्पादों की गुणवत्ता एवं निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली तथा खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष छुईखदान श्रीमती पुष्पा प्रकाश, पूर्व सभापति घम्मन साहू, भागवत शरण सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।तीन दिवसीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और महिला स्वावलंबन को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page