Uncategorized

जिला भाजपा कार्यालय में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती

खैरागढ़। जिला भाजपा कार्यालय में अंत्योदय के प्रणेता, प्रखर विचारक एवं एकात्म मानववाद दर्शन के जनक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, व्यक्तित्व एवं राजनीतिक दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही सच्चे अर्थों में अंत्योदय है। जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान नहीं होगा तब तक देश की प्रगति पूर्ण नहीं मानी जा सकती। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारें अंत्योदय की इसी भावना के अनुरूप विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, सादगी और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद का दर्शन आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरणा लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का विचार और उनका समर्पित जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए पथ-प्रदर्शक है। उनके सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, दिनेश वर्मा, भुनेश्वरी जीवन देवांगन, नीलिमा गोस्वामी, आयश सिंह, रूपेंद्र रजक, शैलेन्द्र मिश्रा, ऋषि सिंह, विकेश गुप्ता, अयूब सोलंकी, चन्दन गिरी एवं आलोक श्रीवास सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के सदस्य तथा स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page