KCG

जिला निर्माण के बाद सफेद पत्थर से मुरुम तक, खनन माफियाओं का केसीजी में साम्राज्य; नियम-कायदे हो रहे ध्वस्त

खैरागढ़। जिले में सफेद पत्थर और मुरुम की अकूत खनिज संपदा पर खनन कारोबारियों की नजर इस कदर गड़ी है कि नियम-कायदों को ताक पर रखकर उत्खनन का खेल धड़ल्ले से चलने के आरोप लग रहे हैं। ठेलकाडीह से बढ़ईटोला और खैरागढ़ क्षेत्र के साल्हेभर्री, कलकसा, पचपेड़ी, गोठिया सहित आसपास के गांवों में लाइमस्टोन (सफेद पत्थर) का बड़े पैमाने पर उत्खनन किया जा रहा है वहीं राजनांदगांव ब्लॉक के चवेली, डूमरडीहकला, महरूमखुर्द, चंवरढाल, देवडोंगर, मुढ़ीपार और जोरातराई सहित कई क्षेत्रों में भी खनन की गतिविधियां जारी हैं। आरोप है कि कहीं ब्लास्टिंग तो कहीं भारी मशीनों के जरिए पत्थर निकाला जा रहा है और उद्योगों तक गिट्टी की आपूर्ति कर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि कई स्थानों पर समतल मैदान और पहाड़ियों का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़कर गहरी खाइयों में तब्दील हो चुका है। खदानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से मवेशियों और ग्रामीणों के लिए भी खतरा बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर निर्धारित खनन क्षेत्र और स्वीकृत मापदंडों की अनदेखी के आरोपों के बावजूद जिम्मेदार विभागों की प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आने से प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सरकार जहां विभिन्न बुनियादी और जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से विकास पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है वहीं दूसरी ओर चारागाह के लिए आरक्षित जमीनों पर भी खनन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। आरोप है कि लाइमस्टोन खनन के लिए स्वीकृत खसरा और निर्धारित सीमाओं की अनदेखी कर उत्खनन किया जा रहा है। यदि इन शिकायतों की पुष्टि होती है तो यह न केवल खनिज नियमों का उल्लंघन होगा, बल्कि सार्वजनिक और सामुदायिक भूमि के संरक्षण पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा।

सफेद पत्थर के बाद अब जिले में मुरुम के अवैध उत्खनन का मामला भी चर्चा में है। सड़क निर्माण, जलाशयों और नहर लाइनिंग कार्यों में लगी कुछ निर्माण एजेंसियों पर परिवहन अनुमति की आड़ में वास्तविक खनन करने के आरोप हैं। बताया जा रहा है कि पुराने पीट पास के आधार पर मुरुम का परिवहन दिखाया जा रहा है जबकि मौके पर जेसीबी और पोकलेन मशीनों से नए सिरे से खुदाई कर मुरुम निकाली जा रही है। नियमानुसार केवल परिवहन की अनुमति मिलने पर खनन नहीं किया जा सकता लेकिन आरोप है कि इसी अनुमति को उत्खनन का आधार बनाकर शासन के नियमों को दरकिनार किया जा रहा है।

जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों के कई डबरी और तालाबों में भी मुरुम उत्खनन की शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि कुछ ग्राम पंचायतों से तालाब गहरीकरण और सौंदर्यीकरण के नाम पर प्रस्ताव तथा अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर मुरुम परिवहन की अनुमति प्राप्त की गई। खनिज विभाग के स्थल निरीक्षण प्रतिवेदन में बड़ी मात्रा में मुरुम उपलब्ध होने का उल्लेख किया गया लेकिन स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि संबंधित स्थलों पर निकाली गई मुरुम का ढेर या भंडारण ही मौजूद नहीं है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब मौके पर मुरुम का भंडारण नहीं है तो परिवहन की अनुमति किस आधार पर जारी की गई?

ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध उत्खनन की शिकायतें करने के बाद भी खनिज विभाग के अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। कुछ मामलों में पंचायत प्रतिनिधियों, ठेकेदारों और राजनीतिक प्रभाव रखने वाले लोगों की मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है यदि परिवहन अनुमति के नाम पर उत्खनन किया जा रहा है तो इसकी निष्पक्ष जांच और भौतिक सत्यापन जरूरी है। खनिज विभाग के निरीक्षण प्रतिवेदन, जारी पीट पास, स्वीकृत खसरा, वास्तविक उत्खनन स्थल और परिवहन किए गए खनिज की मात्रा का मिलान होने से पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।

एक ओर खनिज संपदा के संरक्षण और शासन को राजस्व दिलाने की जिम्मेदारी खनिज विभाग की है, वहीं दूसरी ओर जिले में बड़े पैमाने पर उत्खनन की शिकायतें विभागीय निगरानी की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही हैं। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सफेद पत्थर और मुरुम खदानों का संयुक्त निरीक्षण कराया जाए। चारागाह, कृषि भूमि और तालाबों में हुए उत्खनन की जांच कर नियम विरुद्ध खनन पर रोक लगाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन इन शिकायतों को गंभीरता से लेकर खनन के इस कथित खेल पर अंकुश लगाता है या फिर सफेद पत्थर और मुरुम की दौलत इसी तरह धरती का सीना छलनी करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page